मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपद वासियों से की अपील, दीपावली पर स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का रखें विशेष ध्यान।

खबर शेयर करें

नैनीताल:- दीपावली के पावन पर्व को सुरक्षित, स्वस्थ एवं खुशहाल बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत ने जनपदवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों, रोशनी और आपसी सौहार्द का त्योहार है। इसे उत्साह के साथ मनाने के साथ-साथ अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखना आवश्यक है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अपील की कि आतिशबाजी करते समय विशेष सतर्कता बरतें। बच्चों को पटाखे अकेले न जलाने दें तथा पटाखे जलाते समय पानी की बाल्टी एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था अवश्य रखें। ज्वलनशील पदार्थों, घरों एवं वाहनों के आसपास पटाखे न जलाएं। पटाखे जलाते समय सूती एवं सुरक्षित कपड़े पहनें तथा आंखों और हाथों की सुरक्षा का ध्यान रखें।

यह भी पढ़ें 👉  ब्रेकिंग:-रेड अलर्ट के चलते 14 अगस्त को नैनीताल जिले के समस्त विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केद्रों में अवकाश घोषित।

उन्होंने कहा कि पटाखों से निकलने वाला धुआं एवं ध्वनि प्रदूषण सांस के मरीजों, बुजुर्गों, छोटे बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। अस्थमा, हृदय रोग एवं सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। यथासंभव ग्रीन पटाखों का प्रयोग करें तथा अनावश्यक आतिशबाजी से बचें।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल बैंक के अगले प्रबंध निदेशक (एम डी) होंगे श्री सुशील कुमार।

डॉ. पंत ने दीपावली के दौरान खानपान को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मिलावटी मिठाइयों एवं खुले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें, स्वच्छ एवं ताजा भोजन करें तथा अत्यधिक तैलीय और मीठे खाद्य पदार्थों के सेवन से परहेज करें। त्योहार के दौरान साफ-सफाई एवं व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।

उन्होंने कहा कि पटाखों से जलने अथवा किसी प्रकार की दुर्घटना होने पर घबराएं नहीं, तत्काल प्राथमिक उपचार दें और आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल में संपर्क करें। जलने की स्थिति में प्रभावित स्थान को लगभग 20 मिनट तक सामान्य ठंडे बहते पानी के नीचे रखें तथा जले हुए स्थान पर घी, तेल, टूथपेस्ट या अन्य घरेलू पदार्थ न लगाएं।

यह भी पढ़ें 👉  दिनेशपुर में 'द हिमालयन इम्पैक्ट ट्रस्ट' (THIT) द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, ग्रामीण समुदायों तक आवश्यक एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि दीपावली को पर्यावरण अनुकूल, प्रदूषण मुक्त एवं सुरक्षित तरीके से मनाएं तथा त्योहार की खुशियों में किसी की सेहत और सुरक्षा से समझौता न करें।

उन्होंने सभी जनपदवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं मंगलमय दीपावली की कामना की।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad