नैनीताल:-प्रख्यात कुमाऊंनी कवि शेर सिंह बिष्ट जी कि १४ वीं पुण्यतिथि पर पारम्परिक लोक संस्था ‘परम्परा’ नैनीताल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में याद किया गया। कार्यक्रम में ‘परम्परा’ संस्था के निदेशक बृजमोहन जोशी व परम्परा परिवार के अधिकारियों,सदस्यों व उपस्थित श्रोताओं के द्वारा भी शेर सिंह बिष्ट जी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।
बृजमोहन जोशी के द्वारा शेर सिंह बिष्ट अनपढ़ जी के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए बतलाया कि शेर सिंह बिष्ट अनपढ़ (शेरदा) कुमाऊनी के लोक प्रिय कवि हैं।अपनी विशिष्ट शैली में हास्य व्यंग प्रधान से गंभीर किस्म की कविताओं के द्वारा वे श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन करने में सफल रहते थे। जोशी ने कहा कि शेरदा जमीन से जुड़े ठेठ कुमाऊनी कवि हैं।उनका अनपढ़ होना ही उनकी मौलिकता के लिए वरदान सिद्ध हुआ।
जोशी ने कहा कि नैनीताल में शेरदा उनके पड़ोसी थे,वहीं हर्टन हाल अयार पाटा में अपने परिवार के साथ रहते थे। जोशी ने कहा कि तब मुझे यह मालूम नहीं था की-ओ परूवा बौज्यू… के गीतकार व गायक यही शेर सिंह बिष्ट जी है।एक दिन पिता जी ने उनसे परिचय कराया और यह बतलाता कि जो गीत-…ओ परूवा बौज्यू तुम गाते हो-वो परूवा के बौज्यू आप ही हैं। इस तरह शेरदा से परिचय हुआ।
शेर सिंह बिष्ट जी और मेरे गुरु जी रमेश चंद्र जोशी जी उस समय गीत एवं नाटक प्रभाग नैनीताल केन्द्र में कार्यरत थे इस तरह शेरदा से धीरे धीरे परिचय बड़ता ही गया। उस समय मैं नैनीताल में अयार पाटा,सूखा ताल,मल्लीताल में होने वाली रामलीलाओं,शरदोत्सवों,पागल जीमखाना,अखिल भारतीय हिन्दी नाटक प्रतियोगिता में सांस्कृतिक संस्था हिमानी आर्ट्स और आयाम मंच नैनीताल,उत्तरांचल कला केन्द्र के कलाकार के रूप में सहभागिता करता था।उस समय मैंने शेरदा के इस लोक गीत को जो कि आकाशवाणी के लखनऊ केन्द्र से उत्तरायणी कार्यक्रम से सुना था…ओ परुवा बौज्यू और.. पन खेड़ो घाघरी च्याव… और म्यर हौशी हुड़ुकी बाजली घमाघम.. को मेरे साथ गायिका पुष्पा पाण्डे, बीना जोशी,भारती बिष्ट,अरूणा बहुखंडी,अंजना बहुखंडी,नीता जोशी,डिम्पल नैनवाल आदि कलाकारों ने बहुत लम्बे समय तक देश के अनेक भागों में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गाया।
शेरदा द्वारा लिखित नाटक ‘चतुरिया’ का सबसे पहला मंचन हमने आयाम मंच नैनीताल के माध्यम से शरदोत्सव रानीखेत में किया।चतुरिया नाटक को देखने के बाद शेरदा ने व्यक्तिगत रूप से मेरे द्वारा किये गये चतुरिया के अभिनय को तथा चतुरिया नाटक के अन्य कलाकारों-बीना जोशी,भीम सिंह कार्की,विमल चौधरी,कैलाश जोशी,सतीश पाण्डे, डिम्पल नैनवाल, अनिल विनवाल, विनोद कुमार,किरन पन्त,भारती बिष्ट,अशोक भाकुनी,अजीत भाकुनी,गीता भट, गणेश भट,भूपाल बिष्ट,पूरन जोशी (पाई),प्रेम गोस्वामी,बंशी पाण्डे,उमा मठपाल ,तारा जोशी, इंद्रा पंत ,गीता मेहरा आदि कलाकारों को भी अपना आशीर्वाद दिया था। शेरदा की स्वीकृति मिलने के बाद आयाम मंच नैनीताल और उत्तराचंल कला केंद्र हल्द्वानी के कलाकारों द्वारा देश के अनेक भागों में इस चतुरिया नाटक के अनेक प्रदर्शन किए गये।
जोशी ने आगे बतलाया कि शेर सिंह बिष्ट जी का जन्म १३ अक्टूबर १९३३ को ग्राम ‘माल’ अल्मोड़ा में एक कृषक परिवार में हुआ था।बचपन में ही पिता बचे सिंह बिष्ट का निधन हो गया और १३ साल की उम्र में घर से ‘शेरदा ‘ आगरा चले गये।१३ अगस्त १९५० को शेरदा A.S.C कम्पनी में भर्ती हो गए।१९६१ मे शेरदा क्षय रोग से ग्रस्त हो गये और पूना के आर्मी हास्पिटल में ढाई साल तक अपना उपचार कराते रहे! शेरदा को इसी हास्पिटल में सन् १९६२ के भारत चीन युद्ध में घायल अनेक फौजी जवानों के साथ रहने का मौका मिला।उन घायल जवानों की कहानी उन्हीं की जुबानी सुनकर शेरदा का ह्रदय पसीज उठा जिसकी परिणति ‘ये कहानी है नेफा लद्दाख की’ कविता संग्रह के रूप में प्रकाशित हुई। जिसे शेरदा ने उन्हीं जवानों के बीच बांट दिया। यहीं से शेरदा की कविता यात्रा आरंभ हुई।उसके बाद शेरदा ने ‘ दीदी -बैंणी ‘,हंसणै बहार, हमार मैं- बाप, कविता छापी। उसके बाद शेरदा गीत एवं नाटक प्रभाग सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (भारत सरकार) के नैनीताल केन्द्र में एक कलाकार के रूप में कार्य करने लगे कुछ समय पश्चात उनकी ‘मेरी लट पटी’ नामक कविता संग्रह छपी।इसमें उनकी कविता-मुर्दाक बयान,एक स्वैंण देखनऊ,हसूं की डाड़ मारू,मौत और मनखी, द्वि दिनक डयार,जैसी कविताएं पढ़ी तो पता चला कि शेरदा तो कुछ और ही है। मुझे लगता है कि शेरदा ने जीवन को बहुत ही करीब से देखा और उसके हर पहलू पर कविताएं लिखी। जीवन की क्षण भंगुरता,नश्वरता पर भी उन्होंने कविताएं लिखी कविता में कठोर सत्य को उन्होंने उद्घाटित किया है मुर्दाक बयान कविता में –
जनूकैं मैंल एक बटया
उनूल मकै न्यार करौ
जनूकैं मैंल भितेर धरौ
उनूल मकै भ्यार धरौ
बेई तक आपण आज
निकाओ निकाओ है गे
पराण लै छुटण नि दी
उठाओ उठाओ है गे
शेरदा कहते है कि यह माया का फेर भी गजब है और आदमी उसमे उलझता ही चला जाता है और ये उलझन मृत्यु के बाद भी समाप्त नहीं होती।शेरदा आगे लिखते है कि-
चै चै बेर अंगवाव नि हालो
खून मैं के फर्क छू
अनवार लै तूमरी निहोली ज्यूंनि मैं के फर्क छू।
शेरदा ने दिल से अपनी माटी से प्यार किया! यहां के लोगो से प्यार किया।पहाड़ के दुख दर्द से, दूनिया के सत्यों को अपने दिल कि आवाज से प्रकट किया। शेरदा कि सबसे बड़ी विशेषता उनका अभिव्यक्ति कौशल था।शेरदा ने हास्य व्यंग सहित गम्भीर विषयों पर भी कविताएं लिखी।शेरदा कि कविताओं में जहां एक ओर हिंदी के कवि संत कबीर की वाणी है तो वहीं महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के स्वर भी है।यही कारण है कि कुमाऊंनी कवियों में उनकी अपनी एक अलग पहचान है। अलग ठसक है या यूं कहूं की अपना एक अलग ही ठाठ है ।
दूरभाष पर अमेरिका से श्री महेश चंद्र जोशी,उमा जोशी, नैनीताल से रंग कर्मी अनिल घिल्डियाल,हल्द्वानी से रंग कर्मी घनशयाम भट,रंग कर्मी बीना जोशी ने भी शेर सिंह बिष्ट जी को सादर श्रृद्धांजलि अर्पित की। महेश चंद्र जोशी जी ने कहा कि शेरदा ने नैनीताल केन्द्र में एक लेखक,गीतकार,गायक के साथ साथ एक कुशल अभिनेता के रूप में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। अनिल घिल्डियाल जी ने कहा कि देश के कई प्रान्तों में शेरदा ने महात्मा गांधी जी की यादगार भूमिका निभाई।
बृजमोहन जोशी ने शेरदा के कुछ गीतों – ओ परूवा बौज्यू, पन खेड़ो घाघरी च्याव, म्यर हौशी हुड़ुकी,डाना काना घुघुती, व कुछ कविताओं के अंशों को भी सुनाया…. भुर्र कनै उड़ि गयूं, घिनौड़ी चार , फुर्र कनै हरै गयूं, चांदिक रूपैं नै चार। जोशी ने कहा कि जीवन की क्षण भंगुरता,नश्वरता पर भी शेरदा ने कठोर सत्य को उजागर किया… जनूकैं मैंल एक बटया,उनूल मकै न्यार करौ……! और मनुष्य के घमंड को चुनौती देते हुए शेरदा लिखते हैं – कि , द्बाब लै रौ छ काव शेरूवा दुणी में,के है रै छ निहाल शेरुवा दुणी में….!
इस अवसर पर पारम्परिक लोक संस्था परम्परा नैनीताल के निम्न सदस्य मौजूद रहे अध्यक्ष श्रीमती कमला जोशी,सचिव मनोज जोशी,अनुभा जोशी, प्रशान्त कपिल,निशांत कपिल, श्रीपर्णा जोशी,मीनू कपिल,गीता कपिल,साबी कपिल,त्वरिता कपिल,आदि।



