नैनीताल:- जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के अध्यक्षता में उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस वर्षगांठ के आयोजन के संबंध में पूर्व तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक जिला कार्यालय सभागार, नैनीताल में विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त विभागध्यक्ष/कार्यालयध्यक्षों को निर्देशित किया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद के मुख्य राजकीय भवनों को एलईडी बल्ब के माध्यम से प्रकाशमान किया जाएगा। इसके साथ ही कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा भी अपने कार्यालय एवं पर्यटक आवास गृह को प्रकाशित किया जाएगा।
उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी व जिला क्रीड़ा अधिकारी को आपसी समन्वय बनाते हुए राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मैराथन दौड़ का आयोजन करने के निर्देश दिए। मैराथन दौड़ में विभिन्न विद्यालयों की छात्र-छात्राओं एनसीसी और एनएसएस कैडेट को भी सम्मिलित किया जाएगा। मैराथन दौड़ डीएसए मैदान मल्लीताल से प्रारंभ होकर निर्धारित स्थलों से होते हुए डीएसए मैदान मल्लीताल पर ही समाप्त होगी। दौड़ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी मेडिकल सुविधायुक्त दो एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे और पुलिस विभाग द्वारा यातायात व्यवस्था सुनिश्चित सुदृढ़ की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य स्थापना दिवस सुअवसर पर हल्द्वानी में गौलापार स्टेडियम, से प्रारंभ होकर निर्धारित स्थलों से होते हुए गौलापार स्टेडियम तक मैराथन दौड़ का आयोजन होगा। प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा। मैराथन दौड़ में विभिन्न विद्यालयों की छात्र-छात्राओं एनसीसी और एनएसएस कैडेट आदि को भी सम्मिलित रहेंगे।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रात 9:00 बजे से राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय श्री प्रताप सिंह जो रोड तल्लीताल नैनीताल में स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इस दौरान सभी अधिकारियों कर्मचारियों और शहर के गणमान्य व्यक्तियों एवं महानुभावों द्वारा भाग लिया जाएगा। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद नैनीताल को शहीद स्मारक की साफ-सफाई, रंग-रोगन, फूलमाला आदि की करने के निर्देश दिए।
तत्पश्चात राज्य स्थापना दिवस संबंधी समारोह प्रातः 10:00 बजे मुख्य कार्यक्रम डीएसए मैदान, नैनीताल में आयोजित किया जाएगा। दोपहर 12:00 से नैनी झील में नौकायन प्रतियोगिता का आरंभ किया जाएगा। अपराहन 1:00 बजे से डीएसए मैदान में हिमालय फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। फूड फेस्टिवल में पहाड़ के विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के स्टाल लगाए जाएंगे।
उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद नैनीताल को निर्देशित किया कि एसडीएम नैनीताल और अधिशासी अभियंता निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग से सोनभा स्थापित करते हुए स्टॉल, मंच निर्माण, साउंड सिस्टम, लाइटिंग आदि की व्यवस्था कर करेंगे। इसके साथ ही साफ सफाई अभियान चला कर नगर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करेंगे। इसके अतिरिक्त अधिशासी अधिकारी नैनीताल नौकायन, सैलिंग, रिंगाटा साफ सफाई, दीपदान आदि की व्यवस्था करेंगे।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को जलापूर्ति और जिला पूर्ति अधिकारी नैनीताल को मुख्य अतिथि एवं गणमान्य व्यक्तियों हेतु जलपान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिलाधिकार ने अतिथि सत्कार की जिम्मेदारी उद्यान अधिकारी को दी और जिला पर्यटन विकास अधिकारी नैनीताल को हिमालय फूड फेस्टिवल का आयोजन करने एवं टेंट की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड नैनीताल को विद्युत व्यवस्था/मुख्य मंच एवं स्टॉल में विद्युत संयोजन आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल, संस्कृति विभाग और सूचना विभाग को समन्वय स्थापित करते हुए उद्घोषक/बैण्ड प्रस्तुति संस्कृति कार्यक्रम, झांकियां, छोलिया आदि कार्यक्रम करवाने के निर्देश दिए।
इस दौरान बैठक में अपर जिलाधिकारी नैनीताल सौरभ अस्वाल, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार पंत, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, जिला पर्यटन अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, CO नैनीताल, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उद्यान विभाग, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, नैनीताल आदि सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।






