भीमताल/नैनीताल:- ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के 16वें स्थापना दिवस का आयोजन मंगलवार को ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर में हर्षोल्लास एवं गौरवपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) कमल घनशाला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) कमल घनशाला के प्रेरणादायक संबोधन से हुआ। उन्होंने वर्ष 2011 में देहरादून एवं भीमताल परिसरों की एक साथ स्थापना से लेकर आज तक विश्वविद्यालय की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इसी दिन विश्वविद्यालय को राजपत्र अधिसूचना की स्वीकृति प्राप्त हुई थी, जो संस्थान के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी उत्तराखंड का पहला विश्वविद्यालय है, जिसने विद्यार्थियों के लिए 25 से 50 प्रतिशत तक शुल्क छात्रवृत्ति योजना शुरू की, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अधिक सुलभ बनाया गया।
संस्थापक अध्यक्ष ने विद्यार्थियों के हित में नई योजनाओं की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि होटल मैनेजमेंट में एक वर्षीय डिप्लोमा कार्यक्रम निःशुल्क संचालित किया जाएगा, जिसमें ट्यूशन फीस, परीक्षा शुल्क, यूनिफॉर्म, आवास एवं भोजन की सुविधा निःशुल्क प्रदान की जाएगी। साथ ही प्रतिष्ठित 5 सितारा होटलों में सवेतन इंटर्नशिप का अवसर भी मिलेगा। इसी प्रकार सिविल एवं मैकेनिकल डिप्लोमा कार्यक्रमों में भी विशेष सुविधाएं देकर कौशल विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने भीमताल परिसर की उत्कृष्ट प्लेसमेंट उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि यहां के विद्यार्थियों का चयन गूगल, अमेजन जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ है, जो परिसर की बढ़ती शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण है।
इसके पश्चात स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में केक काटकर समारोह मनाया गया, जिसमें संस्थापक अध्यक्ष सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


