नैनीताल:- टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के उद्देश्य से आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में ‘जोश टीम’ का शुभारंभ माननीय कैबिनेट मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा जी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख भीमताल डॉ. हरीश बिष्ट एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि, “टीबी उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ जनप्रतिनिधियों, युवाओं एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। उन्होंने ‘जोश टीम’ के सदस्यों से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने तथा संभावित टीबी मरीजों को जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया”।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि ‘JOSH’ कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को टीबी उन्मूलन अभियान का सक्रिय भागीदार बनाया जा रहा है। NCC कैडेट्स एवं MY Bharat Volunteers गांवों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं समुदाय में जाकर टीबी के लक्षण, जांच एवं उपचार के प्रति जागरूकता फैलाएंगे तथा संभावित मरीजों को जांच के लिए प्रेरित करेंगे।
उन्होंने बताया कि टीबी मुक्त पंचायत अभियान के अंतर्गत जनपद नैनीताल की कुल 479 ग्राम पंचायतों में से वर्ष 2023 में 124, वर्ष 2024 में 185 तथा वर्ष 2025 में 203 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। साथ ही जनपद में 1100 निक्षय मित्रों द्वारा टीबी रोगियों को पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है, जो टीबी उन्मूलन के सामुदायिक प्रयासों को मजबूत कर रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को टीबी के लक्षण, जांच, उपचार एवं बचाव की जानकारी दी गई तथा अपील की गई कि टीबी से संबंधित लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराएं और उपचार को बीच में न छोड़ें।







