हल्द्वानी:-उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड द्वारा 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली आदि कैलाश रन में प्रतिभाग करने पहुँची भारतीय अल्ट्रा मैराथन टीम के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त धावकों का व्यवसायी एवं भाजपा नेता श्री प्रमोद तोलिया एवं हिमालयन इम्पैक्ट ट्रस्ट द्वारा आयोजित सम्मान कार्यक्रम में अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट की संस्थापक श्रुति तिवारी भी उपस्थित रहीं।
टीम में एशियाई चैंपियन अमर देवंदा (24 घंटे में 282 किमी और 100 किमी दौड़ में 6 घंटे 59 मिनट), जीनो एंटनी (24 घंटे की विश्व चैंपियनशिप में 265 किमी के साथ 10वाँ स्थान), सौरव रंजन (24 घंटे की दौड़ में एशियाई कांस्य पदक), उत्तराखंड के सौरव गौरव गोस्वामी (ग्रीस की 244 किमी स्पार्टाथलॉन में विश्व स्तर पर 16वाँ स्थान) तथा सुनीता सुब्बा (24 घंटे में 224 किमी की दूरी तय करने वाली पूर्व भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक) शामिल हैं।
कार्यक्रम में धावकों की उपलब्धियों, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया गया। हिमालयन इम्पैक्ट ट्रस्ट कुमाऊँ क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत एक गैर-सरकारी संगठन है।
आदि कैलाश परिक्रमा रन का आयोजन उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड द्वारा 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक पिथौरागढ़ जिले की व्यास घाटी में किया जा रहा है। यह आयोजन सीमांत क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और उत्तराखंड को अल्ट्रा मैराथन एवं साहसिक खेलों के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।





