भीमताल:- ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर में 25 एवं 26 अप्रैल 2026 को दो दिवसीय मॉडल यूनाइटेड नेशंस सम्मेलन मुनैरा 2.0 का भव्य आयोजन किया गया। तेजस्वी बुद्धि, सशक्त विचारों और वैश्विक दृष्टिकोणों के संगम बने इस आयोजन ने परिसर को अंतरराष्ट्रीय माहौल से भर दिया। विश्व के विभिन्न देशों के झंडों से सजा परिसर वैश्विक एकता और विविधता का प्रतीक बना नजर आया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसके बाद वंदना एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को आध्यात्मिक और गरिमामय बना दिया। इस अवसर पर निदेशक, भीमताल परिसर ने संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) कमल घनशाला के दूरदर्शी नेतृत्व में कुमाऊं क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विस्तार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में संवाद, सहयोग और सूझबूझ भरे निर्णयों की आवश्यकता पर बल दिया।कार्यक्रम में ईशिता कर्नाटक ने स्वागत भाषण दिया, जबकि सचिव-जनरल सागर सिंह रावत ने गैवल बजाकर मुनैरा 2.0 का औपचारिक उद्घाटन किया।सम्मेलन में विभिन्न समितियों के माध्यम से समसामयिक वैश्विक और राष्ट्रीय मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। संयुक्त राष्ट्र महासभा (DISEC) में मध्य पूर्व मानवाधिकार संकट, यूएनएचआरसी में प्रवासन नीतियों के मानवाधिकार प्रभाव, यूएनडीपी में जीवाश्म ईंधन से दूरी के सामाजिक-आर्थिक प्रभावों पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं ऑल इंडिया पॉलिटिकल पार्टी मीट में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ और लोकसभा में सीमा पार प्रवासन व राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषयों पर तीखी बहसें हुईं।समापन समारोह में मुख्य अतिथि एचजीएस भीमताल की प्रधानाचार्या श्रीमती महिमा भट्ट का स्वागत किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को कुल ₹1 लाख की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। बेस्ट डेलीगेट पुरस्कार हार्दिक बरगली, सौरव सिंह बिष्ट और आकांक्ष्या जोशी को प्रदान किया गया, जबकि लोकसभा में बेस्ट पार्लियामेंटेरियन का सम्मान सक्षम थापा को मिला।देश के विभिन्न राज्यों उत्तराखंड, केरल, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर से आए प्रतिभागियों ने अपनी कूटनीतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में एलिगैंसिया क्लब द्वारा प्रस्तुत रनवे सेगमेंट ने भी आकर्षण बढ़ाया।राष्ट्रीय गान के साथ समारोह का समापन हुआ। मुनैरा 2.0 ने प्रतिभागियों और दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी तथा भविष्य में और अधिक प्रभावशाली संवादों की उम्मीद जगाई।


