भीमताल/नैनीताल:- ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल कैम्पस में बीबीए बैच 2026 का इंडक्शन कार्यक्रम उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। नए विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की मौजूदगी में कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर भीमताल कैंपस के निदेशक ने विद्यार्थियों और अभिभावकों का स्वागत किया।
निदेशक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल कक्षा और पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, सोच और भविष्य को आकार देने की प्रक्रिया है। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, व्यावसायिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
उन्होंने ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रो. (डॉ.) तबस्सुम नकवी के विचारों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा को एक कैनवास के रूप में देखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को ज्ञान और अवसरों के रूप में किताबें व रंग उपलब्ध कराता है, लेकिन अपने भविष्य की तस्वीर विद्यार्थियों को स्वयं अपने निर्णयों और प्रयासों से तैयार करनी है। उन्होंने सफल उद्यम के लिए बेहतर प्रबंधन एवं सही निर्णय लेने की क्षमता को महत्वपूर्ण बताया। विद्यार्थियों को ग्राफेस्ट, विभिन्न प्रतियोगिताओं और क्लब गतिविधियों में भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के प्रमुख डॉ. सोमेश शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में उन्हें एक प्रतिस्पर्धी पेशेवर वातावरण का सामना करना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से इंडस्ट्री से जुड़ी दक्षताओं के साथ-साथ जीवन कौशल विकसित करने, शिक्षकों के अनुभव से सीखने, क्लब गतिविधियों में भाग लेने और सहपाठियों के साथ मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाते हुए सीखने की प्रक्रिया का आनंद लेने के लिए प्रेरित किया।
इंडक्शन कार्यक्रम में अभिभावकों को भी विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्ध संसाधनों, आवश्यक दिशा-निर्देशों, स्वच्छता संबंधी प्रोटोकॉल तथा महत्वपूर्ण संपर्क विवरणों की जानकारी दी गई। इससे अभिभावकों को विश्वविद्यालय की गतिविधियों से जुड़े रहने में मदद मिलेगी।
औपचारिक सत्र के बाद विद्यार्थियों के लिए विभिन्न आइस-ब्रेकिंग गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों को टीमों में विभाजित कर इन गतिविधियों में शामिल किया गया, जहां उन्होंने टीमवर्क, आपसी संवाद और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नए साथियों से परिचित होने और कैंपस के माहौल से सहज होने का अवसर मिला।
मार्गदर्शन, संवाद, मनोरंजन और टीम भावना से भरपूर इंडक्शन कार्यक्रम ने बीबीए बैच 2026 के विश्वविद्यालयी जीवन की उत्साहपूर्ण शुरुआत की।




