रूड़की में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर का आयोजन, जिला समन्वयक डॉ. एस.पी. सिंह ने शिविर का औचक निरीक्षण कर स्वयंसेवियों को दिया मार्गदर्शन।

खबर शेयर करें

रुड़की:- स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन, रुड़की के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के 7 दिवसीय विशेष शिविर का बुधवार को दूसरे दिन का आयोजन उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ। दिन की शुरुआत स्वयंसेवियों ने प्रातःकालीन योगाभ्यास और लक्ष्यगीत के साथ की, जिससे पूरे वातावरण में ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार हुआ।
इसके पश्चात स्वयंसेवियों द्वारा मलतबपुर क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान उन्होंने आसपास के क्षेत्रों की सफाई करते हुए स्थानीय लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया। साथ ही साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु एक रैली का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवियों ने लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों के बारे में जागरूक किया।
शिविर के बौद्धिक सत्र में यूको बैंक के प्रबंधक ने साइबर सुरक्षा विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता पर बल देते हुए सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन के महत्वपूर्ण उपाय साझा किए। इसी सत्र में सतीश सोहल जी ने स्वयंसेवियों को योगाभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
शाम के समय स्वयंसेवियों ने खेल-कूद गतिविधियों में भाग लिया, जिससे टीम भावना और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिला। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां भी की गईं, जिसमें स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसी क्रम में हरिद्वार एनएसएस जिला समन्वयक डॉ. एस.पी. सिंह ने शिविर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा एनएसएस से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। उन्होंने शिविर की कार्यप्रणाली और स्वयंसेवियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की तथा कार्यक्रम अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विकास कुमार भी उपस्थित रहे।
स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि एनएसएस के माध्यम से युवा अपने व्यक्तित्व का समग्र विकास कर सकते हैं। उन्होंने अनुशासन, सेवा भावना और जागरूक नागरिक बनने के महत्व पर विशेष जोर दिया।
डॉ. एस.पी. सिंह के प्रेरणादायक शब्दों से स्वयंसेवियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ और वे समाज सेवा के प्रति और अधिक प्रतिबद्ध नजर आए।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड पेयजल अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष दिनेश आर्या द्वारा जनप्रतिनिधियों व पेयजल से संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक, पेयजल से संबंधित समस्याओं को सुना।
ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad