नैनीताल:- 05 यूके नेवल सब यूनिट एनसीसी, डीएसबी परिसर, कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल द्वारा द हर्मिटेज में ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर एक जागरूकता एवं स्मृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आईटीइपी विभाग के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर वर्षगांठ मनाई।
नैनीताल ग्रुप एनसीसी के ग्रुप कमांडर, कमोडोर रिची रंजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज भारतीय सशस्त्र बल केवल दुश्मनों का विनाश करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वैश्विक शांति, मानवीय सहायता और आपदा प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अभियान भारतीय सशस्त्र बलों की सटीक रणनीति, साहस और समन्वित कार्यप्रणाली का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस ऑपरेशन ने यह सिद्ध किया कि भारत अपनी सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए हर स्तर पर सक्षम और तत्पर है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियानों से न केवल दुश्मनों को कड़ा संदेश मिलता है, बल्कि देशवासियों में विश्वास और सुरक्षा की भावना भी सुदृढ़ होती है। साथ ही उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में युवाओं को तकनीकी दक्षता, मानसिक सुदृढ़ता एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करनी होगी। उन्होंने कैडेट्स से आह्वान किया कि वे अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति के मूल्यों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।
कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल साह ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए अनुशासन, नेतृत्व और समर्पण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने का सशक्त माध्यम है और कैडेट्स को अपने कर्तव्यों के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए।
सब लेफ्टिनेंट प्रो. रीतेश साह ने अपने उद्बोधन में ऑपरेशन सिंदूर के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि यह अभियान भारतीय सशस्त्र बलों की रणनीतिक दक्षता और साहस का प्रतीक है। उन्होंने कैडेट्स से राष्ट्र सेवा की भावना को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैडेट्स द्वारा ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर समूह गीत एवं समूह नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। कार्यक्रम का संचालन कैडेट गौरव ने किया। कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक अरविंद, विक्रांत एवं दीपक सहित कैडेट साकेत, प्राकम्य, आरोही, दिव्या, जाह्नवी, मानवी, हर्षिता, गौरव सिजवाली, सिद्धार्थ एवं अंकित उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त, डीएसबी परिसर में ही 79 बटालियन आर्मी एनसीसी द्वारा भी ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर प्रो. आशीष मेहता द्वारा ऑपरेशन सिंदूर पर एक विशेष प्रस्तुति दी गई, जिसमें विद्यार्थियों को संबंधित वीडियो एवं चित्रों के माध्यम से जानकारी दी गई कि किस प्रकार भारत ने पाकिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई कर उन्हें सफलतापूर्वक नष्ट किया।
कार्यक्रमो का उद्देश्य ऑपरेशन सिंदूर के महत्व तथा आतंकवाद के विरुद्ध भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा की गई कार्रवाई के प्रति जागरूकता फैलाना था। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति, उत्साह और प्रेरणा का वातावरण बना रहा।
ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ पर एन.सी.सी. कैडेट्स द्वारा देशभक्ति कार्यक्रम,भारत अपनी सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए हर स्तर पर सक्षम और तत्पर।

