नैनीताल:-जलजनित रोगों की रोकथाम एवं बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने सोमवार को ज्योलिकोट क्षेत्र के हीरा बल्लभ भट्ट राजकीय इंटर कॉलेज, सेंट एंटोनी कॉन्वेंट मिशन स्कूल एवं प्राइमरी स्कूल का निरीक्षण किया।
विद्यालयों में विद्यार्थियों को सुरक्षित पेयजल, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं जलजनित रोगों से बचाव की जानकारी दी गई। बच्चों से घर से उबला हुआ पानी विद्यालय लाने की अपील की गई। प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों को स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, शौचालयों की नियमित सफाई एवं हैंडवॉश की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्रतिदिन प्रार्थना सभा में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जानकारी देने तथा बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आरबीएसके टीम को ज्योलिकोट क्षेत्र के विद्यालयों में जाकर बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, जिला पंचायत सदस्यों, आंगनवाड़ी सुपरवाइजर एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को भी स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान करते हुए जलजनित रोगों सहित अन्य बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को स्वच्छ पेयजल, व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई एवं बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने के लिए जागरूक करे।








