नैनीताल:- माननीय मुख्यमंत्री के सचिव एवं कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने बुधवार को नैनीताल नगर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कुमाऊं आयुक्त ने माल रोड सड़क सुधारीकरण कार्य जिसे लोनिवि द्वारा किए जा रहे है का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता लोनिवि ने बताया कि सड़क में एंकरिंग का कार्य सहित अन्य सुरक्षात्मक कार्य प्रगति पर है। कुल 51 में से 11 माइक्रोपाइल लगाए जा चुके हैं। 31 जून तक कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। आयुक्त ने क्षतिग्रस्त सड़क के सुधारीकरण कार्य की प्रगति भी देखी और समयबद्ध पूर्णता के निर्देश दिए।
इस दौरान डी.एस.ए. में कराए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्य का भी स्थलीय निरीक्षण आयुक्त ने किया 5 करोड़ रुपये की लागत से ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा डीएसए भवन में कराए जा रहे फसाड निर्माण, शौचालय, चेंजिंग रूम एवं बैडमिंटन कोर्ट सुधारीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने 15 जून तक शौचालय एवं चेंजिंग रूम का कार्य हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
खड़ी बाजार एवं बड़ा बाजार के निरीक्षण के दौरान बड़ा बाजार में लोनिवि द्वारा 2.38 करोड़ रुपये की लागत से सड़क सौंदर्यीकरण एवं अंडरग्राउंड केबलिंग का कार्य किया जा रहा है। कार्य रात्रि में हो रहा है। कार्य धीमी गति से पाया गया। आयुक्त ने कहा कि वे स्वयं निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग करेंगे। दो दिन में आईपी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और बरसात से पूर्व भूमिगत कार्य पूर्ण कर लिया जाए।
बी.डी. पांडे चिकित्सालय परिसर में मंडी परिषद द्वारा 9.13 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन 6 टाइप-2 आवास एवं चहारदीवारी का निर्माण किया जा रहा है का भी निरीक्षण किया। मौके पर कार्य बंद पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कुमाऊं आयुक्त ने कल से ही कार्य प्रारंभ करने के निर्देश मंडी परिषद को दिए।
चार्टन लॉज-आभागढ़ क्षेत्र: के निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में कूड़े के ढेर व गंदगी पाए जाने पर आयुक्त ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को फटकार लगाई। तत्काल सीसीटीवी कैमरे लगाने, व 4 कर्मचारी नियमित तैनात* करने एवं गंदगी फैलाने वालों के चालान की कार्रवाई के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों से भी स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
आयुक्त ने रोडवेज बस अड्डा निरीक्षण के दौरान स्टेशन से संचालित बसों की जानकारी ली गई। परिसर एवं प्राधिकरण भवन के निकट व्याप्त गंदगी पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए ईओ नगर पालिका को फटकार लगाई तथा क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। सीसीटीवी से निगरानी कर गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई के आदेश दिए।
कुमाऊं आयुक्त ने कहा कि जो भी कार्य होने हैं, निर्धारित समय के अंतर्गत पूरे किए जाएं। वे स्वयं पुनः क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, उप जिलाधिकारी नवाजिश खालिक, अधीक्षण अभियंता लोनिवि मनोहर सिंह धर्मसत्तू, अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना, ईओ नगर पालिका रोहिदास शर्मा, डीएसए महासचिव मनोज जोशी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।




