ब्रेकिंग: नैनीताल में ओल्ड लंदन हाउस का एक हिस्सा भरभराकर गिरा, आसपास के दुकानदारों में दहशत, प्रशासन के नोटिस के बावजूद नहीं हुआ समाधान।

खबर शेयर करें

रिपोर्ट:- शीतल तिवारी, नैनीताल।

नैनीताल:- शहर के मल्लीताल क्षेत्र में बड़ा बाजार स्थित ऐतिहासिक एवं विख्यात ओल्ड लंदन हाउस का एक हिस्सा रविवार को लगातार हो रही बारिश के बीच शाम 4:45 पर भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, भवन की जर्जर हालत को देखते हुए आसपास के दुकानदारों और राहगीरों के लिए खतरा बढ़ गया है।
मोहन को चौराहे के पास स्थित यह भवन पिछले कुछ समय से लगातार विवादों और चर्चाओं में रहा है। कुछ समय पूर्व इसी भवन में भीषण आग लग गई थी, जिसमें एक महिला की झुलसकर मौत हो गई थी। अब भवन का एक हिस्सा गिरने से इसकी सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि प्रशासन की ओर से पूर्व में भी भवन को खाली करने का नोटिस दिया जा चुका है। इसके बावजूद भवन की स्थिति में सुधार नहीं होने और अब उसका हिस्सा गिरने से आसपास के व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है।
बड़ा बाजार का यह मार्ग शहर के व्यस्ततम रास्तों में शामिल है, जहां दिनभर स्थानीय लोगों और पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में जर्जर भवन के आसपास से लोगों का लगातार गुजरना किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के बीच भवन का हिस्सा गिरना खतरे की गंभीरता को और बढ़ाता है।
अब सवाल यह है कि आखिर किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों किया जा रहा है? भवन के आसपास दुकानें संचालित हो रही हैं और मार्ग पर लगातार आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में संबंधित विभागों और प्रशासन की ओर से समय रहते ठोस कदम उठाना जरूरी है, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।

यह भी पढ़ें 👉  मा0उच्च न्यायालय ने की एसएसपी नैनीताल व पुलिस की प्रशंसा,मामले का स्वयं पर्यवेक्षण करने के दिये निर्देश।
ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad