आलेख:- बृजमोहन जोशी, नैनीताल।
नैनीताल:- हिंदू धर्म का एक प्रमुख त्योहार जो भाई और बहन के पवित्र प्रेम और स्नेह का प्रतीक भैय्या दूज,कार्तिक द्वितीया जिसे यम द्वितीया, टीका भी कहा जाता है।
शास्त्रों के अनुसार इस दिन मृत्यु के देवता यमराज का पूजन किया जाता है।भाई के कल्याण और वृद्धि की इच्छा से बहनें इस दिन मांगलिक विधान करती हैं। पौराणिक कथा के अनुसार यमराज भी इस दिन अपनी बहन यमुना से मिलने जाते हैं।उसी का अनुकरण करते हुए भारतीय भ्रातृ परम्परा कंपनी बहनों से मिलती है और उनका यथेष्ट सम्मान पूजनादि कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त कर कृतकृत्य होती हैं।
कुमाऊं अंचल में इस दिन हरियाले के बजाय च्यूड़ा शिर पर धारण किया जाता है।यह च्यूड़ा नई फसल के धानों से बनाया जाता है। कहीं कहीं नये धान पहाड़ी ककड़ी (खीरा) के पानी में भिगोएं जाते हैं।साधारण पानी में भिगोएं च्यूड़े ओखली में कूटने से पूर्व लोहे की कढ़ाई में गर्म किए जाते हैं तो वो जुठे माने जाते हैं ऐसे च्यूड़े भात की रसोई की भांति कच्ची रसोई में परिगणित होते हैं। इसलिए पुरातनपंथी धानों को खीरे के पानी में भिगोकर तब च्यूड़ा बनाते हैं।इस माह ककड़ी (खीरा) से बड़ी बनाई जाती है इसलिए दीपावली से पूर्व बड़ी बनाने के लिए जो खीरे काटे जाते हैं उनमें पर्याप्त पानी एकत्र हो जाता है।
इस दिन भाई बहन के घर जाते हैं तो अखरोट भी साथ ले जाते हैं।नेपाल में अखरोट राम रावण युद्ध में शत्रु की हड्डियों का प्रतीक माना जाता है। अखरोट का एक चोट में टुट जाना शुभ माना जाता है यदि अखरोट एक चोट में नहीं टुटता है तो अपशकुन से बहिन आशंका करने लगती है कि आगामी वर्ष मेरे भाई को न जाने कैसी कैसी विपत्तियों का सामना करना पड़े।यह त्यौहार भारत वर्ष में मनाया जाने वाला रक्षा बंधन का ही एक रूप है।
बुति हालो दैंण
मैत की छकोड़ि
बांटि खुशि है रै बैंण
भाई के द्वारा मायके से लाई गयी सौगात (भेंट) कोई बहन अपने ससुराल में बांटती है इस खुशी में भाई की आंख सजल हो जाती है।
आप सभी को सपरिवार भैय्या दूज की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं।





