नैनीताल:- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की द्वारा 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिता SANGRAM 2026 में ग्राफिक एरा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता में विभिन्न संस्थानों की टीमों ने हिस्सा लिया।
ग्राफिक एरा की बालक एवं बालिका वॉलीबॉल टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए। 19 टीमों के बीच हुए मुकाबलों में दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन तालमेल, टीम भावना, अनुशासन और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
वहीं, ग्राफिक एरा की फुटबॉल टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया। 12 टीमों के बीच हुए मुकाबलों में टीम उपविजेता रही और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से संस्थान का गौरव बढ़ाया।
इस प्रतियोगिता में ग्राफिक एरा के विभिन्न परिसरों के विद्यार्थियों ने अलग-अलग खेल विधाओं में संस्थान का प्रतिनिधित्व किया। भीमताल परिसर के लाल सिंह, दिया बिष्ट और विद्या दानू भी प्रतियोगिता में ग्राफिक एरा की टीमों का हिस्सा रहे और उन्होंने अपने प्रदर्शन से योगदान दिया।
SANGRAM 2026 में मिली यह उपलब्धि ग्राफिक एरा के विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और टीम भावना को दर्शाती है। संस्थान की ओर से खिलाड़ियों को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी गई। विश्वविद्यालय ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य छात्रों को भी खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।






