भीमताल में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी परिसर में बीएससी नर्सिंग के नए बैच का आगाज, 60 सीटों पर प्रवेश पूर्ण तीन अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी भी शामिल।

खबर शेयर करें

भीमताल:- ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी परिसर के कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बीएससी नर्सिंग 2026 बैच के लिए पांच दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभी 60 सीटों पर प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों का स्वागत किया गया, जिसमें तीन अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी भी शामिल रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत ईआरपी रजिस्ट्रेशन के बाद उद्घाटन समारोह, दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत संबोधन से हुई। भीमताल परिसर के निदेशक ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना के साथ नर्सिंग शिक्षा की यात्रा शुरू करने के लिए प्रेरित किया। कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्राचार्य प्रो. हंसी नेगी ने विद्यार्थियों को चार वर्षीय बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम में शैक्षणिक उत्कृष्टता, व्यावहारिक दक्षता और मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

यह भी पढ़ें 👉  इग्नू ने नर्स प्रबंधकों के लिए प्रमाण-पत्र कार्यक्रम शुरू किया, नए प्रवेश एवं पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2025।

पांच दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए आइस-ब्रेकिंग एवं इंटरैक्टिव गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों ने एक-दूसरे से परिचय प्राप्त किया और अपनी रुचियों एवं भविष्य की आकांक्षाओं को साझा किया। विद्यार्थियों को बीएससी नर्सिंग के शैक्षणिक ढांचे, इंडियन नर्सिंग काउंसिल एवं स्टेट नर्सिंग काउंसिल के मानकों, उपस्थिति, अनुशासन और पेशेवर व्यवहार के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में व्यावहारिक शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को नर्सिंग लैब, सिमुलेशन एवं स्किल सुविधाओं से परिचित कराया गया तथा क्लीनिकल पोस्टिंग और इंटर्नशिप की जानकारी दी गई। इसके साथ ही क्रिटिकल केयर, कम्युनिटी हेल्थ, शिक्षा, शोध, प्रशासन, उद्यमिता और अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थानों में नर्सिंग के क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों से भी अवगत कराया गया।

यह भी पढ़ें 👉  नगर कांग्रेस कमेटी नैनीताल की नई कार्यकारिणी गठित,मनोज ममगाई नगर उपाध्यक्ष और संजय कुमार नगर महामंत्री नियुक्त।

कैंपस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, हॉस्टल, खेल सुविधाओं सहित अन्य संसाधनों की जानकारी ली। उन्हें संगीत, योग, नृत्य, फोटोग्राफी, कला, संपादकीय गतिविधियों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विश्वविद्यालय के विभिन्न क्लबों से भी परिचित कराया गया। सेंटर फॉर कुमाऊं कल्चर एंड हेरिटेज और वर्ड व्हिम्स क्लब की गतिविधियों की भी जानकारी दी गई

कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों के साथ विशेष संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों के साथ निरंतर संवाद, भावनात्मक सहयोग और शैक्षणिक अपेक्षाओं पर चर्चा हुई। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों, अभिभावकों और विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों के बीच हाई-टी के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।

यह भी पढ़ें 👉  छटवां राज्य वित्त आयोग टीम का नैनीताल जिले में तीन दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम, स्थानीय निकायों की वित्तीय स्थिति एवं विकास योजनाओं की समीक्षा।

पांच दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम के समापन तक विद्यार्थियों की शुरुआती झिझक आत्मविश्वास और उत्साह में बदल गई। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को न केवल विश्वविद्यालय और नर्सिंग शिक्षा से परिचित कराया, बल्कि उन्हें ज्ञान, कौशल, अनुशासन, संवेदना और सेवा भावना के साथ एक जिम्मेदार नर्सिंग पेशेवर बनने की दिशा में पहला कदम बढ़ाने का अवसर भी दिया।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad