22 नवंबर को फ्लैट्स मैदान से शुरू होकर मल्लीताल स्थित नगरपालिका पुस्तकालय के पास होगा समापन
नैनीताल:- नगर में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और उनके खिलाफ होने वाली हिंसा को रोकने के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ऑल इंडिया वूमेन्स कॉन्फ्रेंस की नैनीताल शाखा की ओर से 22 नवंबर को वॉकाथॉन रैली (WALKATHON RALLY) का आयोजन किया जाएगा।
ऑल इंडिया वूमेन्स कॉन्फ्रेंस के मुख्यालय नई दिल्ली की पहल पर आयोजित इस रैली का उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति शून्य हिंसा (Zero Violence Against Women) का संदेश प्रसारित करना है। रैली सुबह 9:30 बजे फ्लैट्स मैदान से प्रारंभ होगी, जो मल्लीताल स्थित नगरपालिका पुस्तकालय के समीप पहुंचकर संपन्न होगी।
आयोजकों के अनुसार रैली में लगभग 250 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। इसमें स्कूली छात्र-छात्राओं से लेकर वरिष्ठ नागरिक तक भाग लेंगे। रैली के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को महिलाओं के सम्मान, अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए महिला हिंसा के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया जाएगा।
ऑल इंडिया वूमेन्स कॉन्फ्रेंस नैनीताल शाखा की सचिव प्रीति शर्मा ने पत्रकारों एवं नगरवासियों से कार्यक्रम में सहभागिता करने तथा इस सामाजिक पहल को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने की अपील की है।





