उत्तराखंड में जनपक्षीय पत्रकारिता पर हमले, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और पत्रकारिता के भविष्य पर होगा सामूहिक मंथन
हल्द्वानी:- अभिव्यक्ति की आजादी, स्वतंत्र पत्रकारिता और लोकतंत्र की रक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों पर सामूहिक संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से 29 नवंबर रविवार को काठगोदाम स्थित सुचेतना में एक दिवसीय विचार गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है।
गोष्ठी का मुख्य विषय ‘उत्तराखंड में जनपक्षीय पत्रकारिता पर हमला, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और पत्रकारिता का भविष्य’ रखा गया है। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव और लोकायन के संस्थापक विजय प्रताप मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार गोष्ठी का उद्देश्य उत्तराखंड में जनपक्षीय एवं स्वतंत्र पत्रकारिता के सामने खड़ी चुनौतियों पर व्यापक विचार-विमर्श करना तथा पत्रकारिता की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए साझा पहल विकसित करना है।
आयोजकों के अनुसार लोकतंत्र में स्वतंत्र एवं जनपक्षीय पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन वर्तमान समय में पत्रकारिता की स्वतंत्रता तथा सच बोलने और लिखने के अधिकार के सामने अनेक चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। इन्हीं मुद्दों पर सामूहिक विचार-विमर्श करने और स्वतंत्र पत्रकारिता की रक्षा के लिए साझा पहल विकसित करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है।
इस विचार गोष्ठी में पत्रकारों, लेखकों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोगों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में पत्रकारिता की मौजूदा स्थिति, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़े सवालों और भविष्य की चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से शुरू होगा। इसका आयोजन नैनीताल समाचार, युगवाणी, रीजनल रिपोर्टर एवं प्रेरणा अंशु के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
कार्यक्रम के निवेदकों में इस्लाम हुसैन, राजीव लोचन शाह, संजय कोठियाल, पी.सी. तिवारी, जगमोहन रौतेला, प्रभात ध्यानी, पलाश विश्वास, दिनेश उपाध्याय एवं भुवन पाठक शामिल हैं। आयोजकों ने सभी साथियों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की है।
स्थान: सुचेतना, काठगोदाम, हल्द्वानी दिनांक: 29 नवंबर 2026, रविवार समय: प्रातः 11 बजे





