नैनीताल:- उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ने शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेज कर इस वर्ष सभी संवर्गों में ट्रांसफर की मांग की है, संगठन का कहना है कि विगत कई वर्षों से ट्रांसफर के नाम से बेसिक शिक्षकों के साथ छलावा किया जा रहा है, प्रत्येक वर्ष शिक्षकों से आवेदन पत्र मंगवाए जाते हैं परंतु अंत में सत्र को शून्य घोषित कर दिया जाता है जिससे वर्षों से ट्रांसफर की आस लगाए शिक्षकों में घोर निराशा व्याप्त होते जा रही है।
इस वर्ष विभाग को स्थानांतरण प्रक्रिया के लिए 50 दिन का अतिरिक्त समय मिला जिससे एक बार फिर से शिक्षकों में ट्रांसफर की आस जगी है परंतु विगत वर्षों के अनुभव को देखते हुए वह आशकित है कि कही इस वर्ष भी स्थानांतरण के नाम से खाली हसीन सपने तो नहीं दिखाई जा रहे हैं।
राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय सदस्य एवं जिला अध्यक्ष नैनीताल मनोज तिवारी ने इस बाबत शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेज कर शीघ्र ही सभी संवर्गों में रिक्त पदों के सापेक्ष स्थानांतरण की मांग की है साथ ही उन्होंने कहा कि, ‘विगत में गंभीर रोग ग्रस्त, विकलांग बच्चों के माता-पिता, पारस्परिक स्थानांतरण, आदि सभी संवर्गों में स्थानांतरण की सभी प्रक्रियाएं पूर्ण करने के बाद भी अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है उन्होंने शीघ्र ही सभी श्रेणियां के स्थानांतरण किए जाने की मांग उठाई है’।




