28 नवंबर को होगी जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027, अल्मोड़ा जिले में 12 परीक्षा केंद्रों पर 2077 अभ्यर्थी होंगे शामिल।

खबर शेयर करें

अल्मोड़ा:- नवोदय विद्यालय समिति द्वारा शैक्षणिक सत्र 2027–28 में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा JNVST-2027 का आयोजन 28 नवंबर 2026, शनिवार को किया जाएगा। परीक्षा के सफल संचालन के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय, ताड़ीखेत, जिला अल्मोड़ा, उत्तराखण्ड द्वारा आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं।
जिला अल्मोड़ा में इस चयन परीक्षा के लिए कुल 2077 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। इनमें 1111 बालक तथा 966 बालिकाएँ शामिल हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा एवं परीक्षा के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए जिले के 11 विकासखंडों में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर जवाहर नवोदय विद्यालय के 2- 2 शिक्षकों को सेंटर लेवल ऑब्जर्वर के रूप में तैनात किया गया है ।
परीक्षा के सफल एवं व्यवस्थित संचालन की जिम्मेदारी परीक्षा प्रभारी श्री तपेश कांडपाल जी को सौंपी गई है। वहीं विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री पंकज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में परीक्षा से संबंधित तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के बैठने, प्रवेश, परीक्षा सामग्री की सुरक्षा, कक्ष निरीक्षण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं परीक्षा कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं आवासीय शिक्षा प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। परीक्षा में सफल चयनित विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 में प्रवेश का अवसर प्राप्त होगा।
विद्यालय प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे प्रवेश-पत्र में दिए गए निर्देशों का ध्यानपूर्वक पालन करें तथा परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पूर्व पहुँचें। अभिभावकों से भी परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने एवं विद्यार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुँचाने का अनुरोध किया गया है।
परीक्षा तिथि: 28 नवंबर 2026 (शनिवार)
कक्षा: 6
कुल अभ्यर्थी: 2077
बालक: 1111
बालिकाएँ: 966
परीक्षा केंद्र: 12
विकासखंड: 11

यह भी पढ़ें 👉  ‘लाइफ स्किल्स’कार्यशाला का शुभारंभ, 155 छात्र-छात्राएँ कर रहे प्रतिभाग।
ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad