अल्मोड़ा:- थपलिया निवासी श्रीमती नीमा पांडे ने लोक संस्कृति के जानकार बृजमोहन जोशी के साथ साक्षात्कार में बूढ़ी दीपावली की प्राचीन परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि इस दिन को हरि बोधिनी एकादशी/देवउठनी एकादशी /बूढ़ी दिवाली के रूप में भी मनाया जाता है।
इस अवसर पर ऐपण विधा के अन्तर्गत गेरू विस्वार की सहायता से भूमि में भुईयां,ओखल में तथा सूप के अग्र भाग में लक्ष्मी-नारायण तथा सूप के पृष्ठ भाग में भुईयां राक्षस की आकृति बनाई जाती है जो दरिद्रता का प्रतीक माना जाता है और उसे घर से बाहर भगाया जाता है और माता लक्ष्मी व नारायण का स्वागत किया जाता है।
इस दिन महालक्ष्मी जी के साथ साथ भगवान बिष्णु के भी युगल पग चिन्ह ऐपण विधा के अन्तर्गत बनाये जाते हैं।इस दिन प्रातः काल महिलाएं सूप में खील खिलौने बतासे दाड़िम अखरोट आदि रखकर गन्ने से उसे पिटते हुए इन पंक्तियों को दोहराती है –
आओ लक्ष्मी बैठो नरैणा निकल भुईयां निकल भुईयां।
इन पंक्तियों से यह प्रतीत होता है कि लक्ष्मी जी का स्वागत तथा दरिद्रता अलक्ष्मी को घर से बाहर निकाला जाता है।
इस दौरान नीमा पांडे ने बूढ़ी दीपावली के महत्व और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं के विषय में अपने विचार साझा किए। लोक मान्यताओं में महालक्ष्मी की तीन अवस्थाओं का विशेष उल्लेख मिलता है। कोजागरी पूर्णिमा को महालक्ष्मी की बाल अवस्था, महालक्ष्मी पूजन को युवावस्था तथा हरिबोधिनी एकादशी (देवउठनी एकादशी) बूढी दीपावली को भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने की परंपरा से जोड़कर इसका महत्व बताया।
उन्होंने बताया कि इन पर्वों और परंपराओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति में देवी-देवताओं की आराधना, लोक आस्था और धार्मिक मान्यताओं का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है। यह परंपराएं हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिन्हें संरक्षित कर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।






