कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति ने चार संबद्ध महाविद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई गहरी नाराजगी।

खबर शेयर करें

नैनीताल:- कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट एवं कुलसचिव प्रो. रीतेश साह ने विश्वविद्यालय से संबद्ध चार महाविद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य महाविद्यालयों में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं, अभिलेखों तथा निर्धारित मानकों के अनुपालन की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना था।
निरीक्षण के दौरान हरदेव सिंह स्मारक लॉ कॉलेज, एन.एस. गेहलोत मेमोरियल लॉ कॉलेज, साईं शिक्षण संस्थान तथा एल.बी.एस. बी.एड. कॉलेज का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं में पाई गई कमियों एवं अभिलेखों के रखरखाव में अव्यवस्थाओं पर कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने गंभीर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता, प्रशासनिक पारदर्शिता, आधारभूत सुविधाओं तथा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना अनिवार्य है। महाविद्यालयों में पाई गई अव्यवस्थाओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित संस्थानों को तत्काल कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।
कुलपति ने निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान इंगित की गई कमियों का समयबद्ध निराकरण किया जाए तथा विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित प्रपत्रों एवं अपेक्षित अभिलेखों को सभी आवश्यक सुधारों के साथ सुव्यवस्थित रूप में प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संबद्धता प्राप्त महाविद्यालयों की जिम्मेदारी केवल पाठ्यक्रम संचालित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उचित शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक संस्थागत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी उनकी अनिवार्य जिम्मेदारी है।
कुलपति ने कहा कि संबद्ध महाविद्यालयों की कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार तथा निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा निरीक्षण एवं समीक्षा की प्रक्रिया आगे भी जारी रखी जाएगी।
कुलसचिव प्रो. रीतेश साह बताया कि कुलपति कुमाऊँ विश्वविद्यालय के आदेशों के क्रम में महाविद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं, नियमों एवं प्रपत्रों के अनुरूप सभी अभिलेख एवं सूचनाएं प्रस्तुत करें तथा निरीक्षण में इंगित कमियों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें।

यह भी पढ़ें 👉  "भारत के एस्ट्रोनॉट मेकर" डॉ. रवि मार्गसहायम का ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर में प्रेरणादायक सत्र।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad