नैनीताल। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर, नैनीताल की एनसीसी कैडेट पायल जलाल ने राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय एवं उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। उनका चयन गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के लिए राष्ट्रीय एनसीसी दल में हुआ। 31 अक्टूबर को आयोजित समारोह की अंतिम परेड में कैडेट पायल जलाल ने एनसीसी दल की अग्रिम पंक्ति में शामिल होकर मार्च पास्ट किया।
यह राष्ट्रीय समारोह भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित इस समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित एनसीसी कैडेट्स ने प्रतिभाग किया। कैडेट्स की अनुशासित कदमताल, समन्वय और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की।
एनसीसी दल की अग्रिम पंक्ति में स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय समारोह की परेड में मार्च पास्ट करना कैडेट पायल जलाल की उपलब्धि को और भी विशिष्ट बनाता है। यह उनके कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन, आत्मविश्वास और समर्पण का परिचायक है।
कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (कर्नल) सतपाल सिंह बिष्ट एवं कुलसचिव प्रो. (ले.) रीतेश साह ने कैडेट पायल जलाल को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित आयोजनों में सहभागिता करना गौरव का विषय है। एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रप्रेम और सेवा भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह, एग्जीक्यूटिव ऑफिसर राकेश रावत, निदेशक प्रो. संजय पंत तथा अधिष्ठाता छात्र कल्याण (DSW) प्रो. चंद्रकला रावत ने भी कैडेट पायल जलाल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी एनसीसी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी तथा राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।







