नैनीताल के चंदन ने बढ़ाया नगर का मान,मसलमेनिया नेचुरल बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में चौथा स्थान प्राप्त किया।

खबर शेयर करें

नैनीताल:- नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान डीएसबी परिसर के पूर्व छात्र एवं पूर्व एनसीसी कैडेट चंदन सिंह बिष्ट (शरद) ने दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित मसलमेनिया नेचुरल बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेंस क्लासिक फिजीक वर्ग में चौथा स्थान प्राप्त कर जनपद नैनीताल का नाम गौरवान्वित किया है।
मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले चंदन पिछले कई वर्षों से फिटनेस और नेचुरल बॉडीबिल्डिंग के क्षेत्र में निरंतर मेहनत कर रहे हैं। सीमित संसाधनों तथा अनेक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
उल्लेखनीय है कि मसलमेनिया विश्व की प्रमुख नेचुरल बॉडीबिल्डिंग एवं फिजीक प्रतियोगिताओं में से एक है। वर्ष 1991 में शुरू हुई यह प्रतियोगिता उन खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करती है जो बिना प्रतिबंधित प्रदर्शन-वर्धक दवाओं के शरीर निर्माण और फिटनेस के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करते हैं। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर देशभर के प्रशिक्षित खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए मैंस क्लासिक फिजिक वर्ग में चौथा स्थान प्राप्त करना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
चंदन सिंह बिष्ट ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही सफलता की असली कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि खेल, व्यायाम और सकारात्मक जीवनशैली न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाती है, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने युवाओं से फिटनेस को अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
चंदन की इस सफलता से क्षेत्र के युवाओं में उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों, पूर्व एनसीसी कैडेटों तथा स्थानीय नागरिकों ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें 👉  दुःखद:-शिक्षक एवं व्यक्तिगत मार्गदर्शक चंदन सिंह पवार का आकस्मिक निधन, नगर में शोक की लहर।
ADVERTISEMENTS Ad Ad