रिपोर्ट:- नेहा जोशी,बागेश्वर।
कांडा /बागेश्वर :- “या देवी सर्वभूतेषु शक्ति-रूपेण संस्थिता” के जयकारों के साथ आज मां भद्रकाली मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। आगामी चैत्र नवरात्रि और भव्य मेले की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक से पूर्व, मंदिर के शक्ति स्थल पर मां भद्रकाली का पंचामृत अभिषेक एवं विधिवत पूजन किया गया। इस दौरान समस्त क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की गई। पूजन के पश्चात भक्तों के बीच पंचामृत व प्रसाद वितरण हुआ और पारंपरिक चीर बंधन का अनुष्ठान संपन्न किया गया।
परंपरा और विकास का संगम: मुख्य संरक्षक ने दिए निर्देश
कांडा। बैठक में मुख्य संरक्षक तथा आचार्य योगेश चंद्र पंत ने मंदिर की आध्यात्मिक मर्यादा को सर्वोपरि रखते हुए स्पष्ट किया कि—
“नई समिति मंदिर के चहुंमुखी विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए पूर्णतः समर्पित है। परंतु, मंदिर की मर्यादा, शक्ति स्थल गर्भगृह की पूजा और समस्त धार्मिक आयोजनों तथा निर्णयों में आचार्यगणों तथा पुजारी गणों की सहमति आवश्यक होगी। इस दौरान उन्होंने कहा मंदिर के आचार्य एवं पुजारी गणों की सहमति और शास्त्रोक्त विधि के आधार पर ही अनुष्ठान संपन्न कराना उचित रहेगा। इस हेतु एक उप समिति गठित करने का सुझाव दिया जिसमें मंदिर के सम्मानित पुजारीगण एवं आचार्य गण सम्मिलित रहेंगे।
दिव्य मेले और देवी भागवत की तैयारी
कांडा। मंदिर समिति के अध्यक्ष केवलानंद पांडे ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि इस बार चैत्र माह में अष्टमी को होने वाला मेला अपनी भव्यता के लिए जाना जाएगा। इसके साथ ही आगामी महीनों में आयोजित होने वाली श्रीमद् देवी भागवत कथा और भव्य भोजन कक्ष के निर्माण पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपाध्यक्ष नीरज जोशी ने सभी सदस्यों से एकजुट होकर इन पुनीत कार्यों में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित गणमान्य सदस्य:
इस आध्यात्मिक चर्चा और योजना बैठक में समिति के सचिव दरबान सिंह , उपाध्यक्ष नंदा वल्लभ जोशी, कोषाध्यक्ष राजेंद्र सिंह समेत पुजारी पूरनचंद जोशी, शेखरचंद जोशी, महेश चंद्र जोशी, एम.सी. जोशी, विनोद चंद जोशी, प्रदीप जोशी तथा समिति के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सिंह भंडारी, नारायण सिंह धामी, गिरीश चंद जोशी, मनोज राठौर, राजेंद्र सिंह राठौर, गोपाल सिंह राठौर समेत दर्जनों क्षेत्रवासी एवं श्रद्धालु जनों की विशिष्ट उपस्थिति रही। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने मां के चरणों में शीश नवाकर आगामी आयोजनों को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर मंदिर पहुंचे मां भद्रकाली के अनन्य भक्त श्री बिशन सिंह गुड़ियाल जी (चंदौसी, संभल) ने मंदिर में अपनी श्रद्धा अर्पित करते हुए दीवार घड़ी भेंट की ।


