रिपोर्ट:- नेहा जोशी, बागेश्वर।
बागेश्वर:- जनपद के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल माँ भद्रकाली मंदिर में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर सप्तमी की रात्रि भव्य ‘अखंड जागरण’ और अष्टमी को परंपरागत ‘वार्षिक मेले’ का आयोजन किया जाएगा। माँ के दरबार में आयोजित होने वाले इस शक्ति पर्व को लेकर क्षेत्र में काफी उत्साह है।
आयोजन की आधिकारिक घोषणा करते हुए मंदिर समिति के अध्यक्ष केवलानंद पाण्डे ने बताया कि:
” मां के दरबार के सम्मानित पुजारीगणों , आचार्यगण तथा क्षेत्रीय सहयोग से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी चैत्र नवरात्र की सप्तमी और अष्टमी की पावन तिथि पर माँ की विशेष आराधना की जाएगी। जिसमें 25 मार्च 2026 की रात्रि को ‘अखंड जागरण’ आयोजित होगा, जिसमें संपूर्ण क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी। अगले दिन 26 मार्च को भव्य मेले का आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्रीय जनता और दूर-दराज से आए श्रद्धालु बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।”
जिलाधिकारी को दिया आमंत्रण:
बागेश्वर। इस पावन अवसर की महत्ता को देखते हुए मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी बागेश्वर से भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में सादर आमंत्रित किया है। अध्यक्ष श्री पाण्डे ने कहा कि जिलाधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति हमारे क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय होगी।
भक्ति और संस्कृति का संगम:
बागेश्वर। नवरात्रि के शुभ अवसर पर आयोजित होने वाला यह अनुष्ठान पूरी तरह वैदिक रीति-रिवाजों और लोक-परंपराओं के अनुसार संपन्न होगा। मंदिर समिति के उपाध्यक्ष नीरज जोशी ने समस्त धर्मप्रेमी जनता, माता के भक्तों और क्षेत्रीय निवासियों से इस दिव्य महोत्सव में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की है।


