नई दिल्ली:- रिपब्लिक डे कैंप (RDC)–2026 के दौरान 5 यूके नेवल एनसीसी के कुल 18 कैडेट्स का चयन किया गया, जिन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल तथा उत्तराखंड राज्य का नाम गौरवान्वित किया।
आरडीसी–2026 के दौरान आयोजित शिप मॉडलिंग कार्यक्रम में सीनियर कैडेट कैप्टेन निष्ठा जोशी तथा कैडेट तुषार पांडेय एवं का चयन किया गया। दोनों ने शिप मॉडलिंग पर माननीय रक्षा मंत्री, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS), चीफ ऑफ नेवल स्टाफ (CNS), थलसेना प्रमुख (COAS) तथा दिल्ली की मुख्यमंत्री को विस्तृत ब्रीफिंग प्रदान की। उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए एससीसी निष्ठा जोशी की विशेष सराहना की गई तथा उन्हें प्रशंसा स्वरूप पिन भेंट कर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में लीडिंग कैडेट करन सिंह राणा का चयन नेवल प्लाटून के गार्ड कमांडर के रूप में किया गया। उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, सीडीएस, सीएनएस, सीओएएस तथा दिल्ली की मुख्यमंत्री सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों को गार्ड प्रस्तुत किया। साथ ही कैडेट करन सिंह राणा ने एनसीसी कंटिंजेंट का नेतृत्व करते हुए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर कुमाऊँ विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।
नेवल एनसीसी कैडेट्स को राष्ट्रपति भवन भ्रमण का भी गौरव प्राप्त हुआ, जहाँ उन्होंने माननीय राष्ट्रपति से भेंट की, जो उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक अनुभव रहा।
इसके अतिरिक्त, कैडेट भूमिका जलाल का चयन आरडीसी–2026 में उत्तराखंड निदेशालय की झांकी (Tableau) के प्रतिनिधित्व हेतु किया गया। वहीं नेवल कैडेट्स मनीष महरा, सुशांत सिंह राणा, हरविंदर सिंह, पायल भोज, दीपांजलि, गीतांजलि एवं पायल जलाल ने प्रधानमंत्री रैली में प्रतिभाग कर अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी सब लेफ्टिनेंट प्रो. रीतेश साह ने कहा कि आरडीसी–2026 में नेवल एनसीसी के कैडेट्स का चयन और उनका उत्कृष्ट प्रदर्शन यह दर्शाता है कि कुमाऊँ विश्वविद्यालय के युवा राष्ट्रसेवा, नेतृत्व और अनुशासन के उच्च मानकों पर खरे उतर रहे हैं। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। 5 यूके नेवल एनसीसी के कैडेट्स की यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय और एनसीसी इकाई के लिए बल्कि पूरे उत्तराखंड राज्य के लिए गर्व का विषय है। यह युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करती है।
कैडेट्स की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कर्नल दीवान सिंह रावत, कैप्टन मृदुल साह, कमांडिंग ऑफिसर, लेफ्टिनेंट कमांडर अनिल महास, एग्जीक्यूटिव ऑफिसर, कुलसचिव डॉ. एम. एस. मंदरवाल, डीएसबी परिसर की निदेशक प्रो. नीता बोरा शर्मा तथा छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. संजय पंत ने कैडेट्स को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।





