नैनीताल:- जनपद में शनिवार सुबह ज्योलीकोट-भवाली राज मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ज्योलीकोट-भवाली रोड पर खूपी के पास उन्नाव से जागेश्वर धाम जा रही पर्यटकों की कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
कार में चार युवक सवार थे, जो जागेश्वर धाम के दर्शन को जा रहे थे। सुबह लगभग साढ़े आठ बजे गेठिया क्षेत्र के पास यह हादसा हुआ। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही तल्लीताल थाना पुलिस एसआई सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद दमकल और एसडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।
इस हादसे में उन्नाव के पीताम्बर नगर निवासी अंकित चौधरी और अभिराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अतुल दुबे और श्याम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है



