भीमताल:- ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल कैंपस के कॉलेज ऑफ फार्मेसी में बुधवार को विश्व कैंसर दिवस का आयोजन किया गया। इस वर्ष की वैश्विक थीम “यूनाइटेड बाय यूनिक” के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उसकी रोकथाम पर चर्चा करना तथा व्यक्तिगत स्वास्थ्य देखभाल के महत्व को रेखांकित करना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अजय बजाज, वरिष्ठ कंसल्टेंट न्यूरोसर्जन एवं स्पाइन सर्जन तथा बजाज हॉस्पिटल, हल्द्वानी (उत्तराखंड) के संस्थापक रहे। उन्होंने “हेल्थ, हेरिटेज एंड द ह्यूमन स्क्रिप्ट” विषय पर मुख्य व्याख्यान दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कोशिकीय और गुणसूत्रीय तंत्र, आनुवंशिक अभिव्यक्ति एवं वंशानुक्रम की भूमिका पर प्रकाश डाला और बताया कि किस प्रकार आनुवंशिक व कोशिकीय बदलाव कैंसर, मधुमेह, उच्च रक्तचाप तथा अन्य जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों का कारण बन सकते हैं। डॉ. बजाज ने समय रहते जागरूकता, निवारक स्वास्थ्य देखभाल और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग और रील मेकिंग जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में ज्योति मेहता (बी.फार्म द्वितीय सेमेस्टर) ने प्रथम, जानवी गोसाईं (बी.फार्म छठा सेमेस्टर) ने द्वितीय तथा काजल कुमारी (बी.फार्म द्वितीय सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता में वैभव चंद्र कठलिया (बी.फार्म द्वितीय सेमेस्टर) विजेता रहे, जबकि अर्पिता जोशी (बी.फार्म द्वितीय सेमेस्टर) और निश्ठा मठोलिया (बी.फार्म छठा सेमेस्टर) क्रमशः द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहीं। रील मेकिंग प्रतियोगिता में कृष्ण देव बिस्वास (बी.फार्म द्वितीय सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अर्शप्रीत कौर और भावना तिवारी (बी.फार्म छठा सेमेस्टर) द्वितीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक व्यक्ति की स्वास्थ्य यात्रा भले ही अलग हो, लेकिन कैंसर के विरुद्ध लड़ाई में सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।




