नैनीताल:- कुमाऊँ विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित डीएसबी कैंपस, नैनीताल के शिक्षा विभाग (आई०टी०ई०पी) की प्रतिभाशाली छात्रा स्नेहा मुरारी ने विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित भारत बौद्धिक्स राष्ट्रीय परीक्षा–2026 में राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय एवं उत्तराखंड प्रांत को गौरवान्वित किया है। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें ₹25,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
उल्लेखनीय है कि यह परीक्षा 31 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की गई थी। परीक्षा दो चरणों में संपन्न हुई—प्रथम चरण लिखित परीक्षा का था, जिसमें सफल अभ्यर्थियों को द्वितीय चरण के लिए चयनित किया गया। द्वितीय चरण साक्षात्कार का था, जिसे दिल्ली विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से संपन्न कराया गया।
इस परीक्षा के अंतर्गत प्रतिभागियों को 21 मॉड्यूल प्रदान किए गए थे, जिनमें आयुर्वेद, योग, वैदिक गणित, एस्ट्रोनॉमी (खगोल विज्ञान), ज्यामिति तथा भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े विविध विषय शामिल थे। इन मॉड्यूलों का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय ज्ञान प्रणाली के प्रति गहन समझ एवं समग्र बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करना था।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में केवल उत्तराखंड प्रांत से ही 11,000 से अधिक महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इतनी व्यापक प्रतिस्पर्धा के बीच स्नेहा मुरारी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त करना अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
इस अवसर पर कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो० (कर्नल) दीवान एस रावत ने स्नेहा मुरारी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, समर्पित मार्गदर्शन तथा विद्यार्थियों की प्रतिभा का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्नेहा भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर उज्ज्वल करेंगी।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. एम. एस. मंद्रवाल, प्रो. नीता बोरा शर्मा, प्रो. संतोष कुमार, प्रो. चित्रा पांडेय, प्रो. अतुल जोशी, प्रो. रीतेश साह, प्रो. जया तिवारी, प्रो. महेंद्र राणा, डॉ उमंग सैनी समन्वयक सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।


