कुमाऊँ विश्वविद्यालय को मिली बड़ी उपलब्धि, ‘मिशन अमृत सरोवर’ योजना के मूल्यांकन अध्ययन का दायित्व।

खबर शेयर करें

नैनीताल:-उत्तराखण्ड सरकार के सेतु आयोग द्वारा राज्य में संचालित ‘मिशन अमृत सरोवर’ योजना के मूल्यांकन अध्ययन का कार्य कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल को आवंटित किया गया है। इस संबंध में कार्यादेश सेतु आयोग, उत्तराखण्ड शासन द्वारा जारी किया गया है।
सेतु आयोग द्वारा मिशन अमृत सरोवर योजना के मूल्यांकन हेतु 8 दिसम्बर 2025 को एक्सप्रेशन आफ़ इंटरेस्ट आमंत्रित की गई थी। इसके उपरान्त विश्वविद्यालयों/संस्थानों से प्राप्त तकनीकी एवं वित्तीय प्रस्तावों का परीक्षण 27 जनवरी 2026 को आयोजित मूल्यांकन समिति की बैठक में किया गया। मूल्यांकन के पश्चात कुमाऊँ विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के डॉ. दीपक मेलकानी द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव के आधार पर विश्वविद्यालय का चयन किया गया।
उत्तराखण्ड शासन के नियोजन विभाग द्वारा 20 फरवरी 2026 को जारी पत्र के माध्यम से इस अध्ययन कार्य को ₹20.00 लाख (बीस लाख रुपये) की स्वीकृत लागत पर मुख्य अन्वेषक डॉ. दीपक मेलकानी, कुमाऊँ विश्वविद्यालय को प्रदान किया गया है। यह अध्ययन छह माह की अवधि में पूर्ण किया जाना है।
अध्ययन के अंतर्गत योजना के क्रियान्वयन, प्रभाव, उपयोगिता तथा सामाजिक-आर्थिक परिणामों का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा। इसके लिए फील्ड सर्वे, प्राथमिक एवं द्वितीयक आंकड़ों का संग्रह, हितधारकों के साथ समूह चर्चा तथा आवश्यक विश्लेषण किया जाएगा। अध्ययन की रिपोर्ट हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में सेतु आयोग को निर्धारित समय-सीमा में प्रस्तुत की जाएगी।
सेतु आयोग ने विश्वविद्यालय से अपेक्षा व्यक्त की है कि अध्ययन कार्य को गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए, जिससे राज्य सरकार को नीति निर्माण एवं योजना सुधार हेतु ठोस, साक्ष्य-आधारित सुझाव प्राप्त हो सकें।
इस उपलब्धि पर कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत, कुलसचिव डॉ. मंगल सिंह मंद्रवाल, प्रो. संजय पंत, प्रो. एच.सी.एस. बिष्ट, प्रो. ललित तिवारी, प्रो. रीतेश साह, प्रो. महेन्द्र राणा, डॉ. कुबेर गिन्ती, डॉ. पूरन अधिकारी, डॉ. मनोज बिष्ट एवं डॉ. मोहित रौतेला ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अध्ययन दल को शुभकामनाएँ दी हैं।

यह भी पढ़ें 👉  डॉ.अलंकार महतोलिया भारत सरकार के सूचना विभाग द्वारा सम्मानित, कुमाऊं विश्वविद्यालय के संगीत विभाग में सहायक प्राध्यापक है अलंकार।

Ad Ad Ad